मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार में पिता और बेटे की एक साथ मौत से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, साहेबगंज नगर परिषद के जगदीशपुर (वार्ड-26) निवासी शंभू राय (60) और उनके बेटे विजय कुमार राय (30) असम के डिब्रूगढ़ में मजदूरी करते थे। दोनों ट्रेन से अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब ट्रेन पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के पास पहुंची, तब विजय कुमार राय को अचानक उल्टी होने लगी। वह ट्रेन के गेट पर गया, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार ट्रेन से नीचे गिर गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह दर्दनाक मंजर पिता शंभू राय की आंखों के सामने हुआ। जवान बेटे को इस तरह खोने का सदमा वह सह नहीं सके और ट्रेन में ही उनकी भी सांसें थम गईं।
जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे जगदीशपुर गांव में कोहराम मच गया। एक ही घर से पिता-पुत्र की अर्थी उठने की खबर से हर किसी की आंखें नम हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

0 टिप्पणियाँ